logo

  • 19
    08:36 pm
  • 08:36 pm
logo Media 24X7 News
news-details
बिहार

Bihar News Live Updates: रोहतास में हाइवा के धक्के से मजदूर की मौत, सासाराम में पिकअप और बाइक की टक्कर में एक की मौत, दो घायल

अररिया के पलासी थाना क्षेत्र के विजवार पंचायत स्थित पिपरा कोठी महादलित टोला में शुक्रवार की देर शाम एक 22 वर्षीय महादलित युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। मृतक नुनुवां ऋषिदेव पिपरा कोठी महादलित टोला के अर्जुन ऋषिदेव का बेटा था। हत्यारोपी मक्कू ऋषिदेव उर्फ मुकेश ऋषिदेव भी इसी टोले के फुलेश्वर ऋषिदेव का बेटा था। हत्या के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। आपसी रंजिश की बात सामने आ रही है। इधर सूचना पर पहुंची पलासी पुलिस शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन में जुटी है। आरा के भोजपुर के बड़हरा के पूर्व राजद विधायक सरोज यादव की बुआ की पटना में मौत हो गई। मृतका 26 अप्रैल को मारपीट में जख्मी हुई थी। आज उनकी मौत हो गई। आरा सदर अस्पताल में उनका पोस्टमार्टम हुआ। यहां पढ़ें बिहार के ताजा अपडेट्स-

Saharsa News: पेड़ गिरने से महिला की मौत 

सहरसा में शुक्रवार की देर शाम पेड़ गिरने से एक महिला की मौत हो गई। महिला अमृता देवी अपने पति कुंदन कुमार साथ ललितग्राम से सहरसा आ रही थी। इस दौरान पुलिस लाइन समीप पेड़ गिरने से वह जख्मी हो गई। जख्मी महिला को गांधी पथ स्थित निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

Banka News: पंजवारा पुलिस ने एक शराबी को गिरफ्तार कर भेजा जेल

बांका के पंजवारा में पुलिस ने शुक्रवार रात चेकपोस्ट पर जांच पड़ताल के दौरान एक शराबी को गिरफ्तार किया है। इसकी जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष अनिल कुमार साव ने बताया की चेकपोस्ट पर जांच पड़ताल के दौरान पंजवारा थाना क्षेत्र के कचमचिया कचहरी गांव निवासी कन्हैया पासवान को शराब के नशे में गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार शराबी की ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच की गई। जिसमें उसके शराब पीने की पुष्टि हुई। गिरफ्तार शराबी को न्यायिक हिरासत में बांका भेजने की तैयारी पुलिस कर रही है।

Sasaram News: पिकअप और बाइक की टक्कर में एक की मौत

सासाराम के परसथुआ बाजार के समीप महात्मा गांधी चौक पर शनिवार की अहले सुबह पिकअप व बाइक की हुई जोरदार टक्कर में बाइक पर सवार एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई तथा दो अन्य लोग बुरी तरह घायल हो गए। मृतक भिखारी सिंह उम्र 70 वर्ष जामिया डिहरा थाना धनसोई जिला बक्सर का बताया जाता है। घायल लाल मोहन सिंह व लालू कुमार भी मृतक के गांव के रहने वाले हैं। दोनों घायलों को इलाज के लिए बाराणसी भेजा गया है।

Rohtas News: हाइवा के धक्के से मजदूर की मौत

रोहतास के नासरीगंज के कच्छवां थानाक्षेत्र में कैथी स्थित राजकीय हाईस्कूल के निकट एनएच 81 पर हाइवा के धक्के से एक मजदूर की मौत हो गई। यह घटना शनिवार को तड़़के लगभग साढ़े चार बजे घटी। जिसमें मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे आनन फानन में ग्रामीण इटिम्हां स्थित एक निजी क्लिनिक में ले गये। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक का नाम शिवलाल चौधरी (53 वर्ष) है। जो कैथी गांव का निवासी बताया जाता है। घटना की सूचना पाकर बीडीओ जफर इमाम और कच्छवां थानाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार ने अवसर पर पहुंच कर मामले की जांच पड़ताल कर रहे हैं।

Arrah News: 35 साल के दिनेश यादव का शव बरामद

आरा के भोजपुर के पीरो थाना क्षेत्र के बलुआ टोला गांव के दक्षिण से बलुआ टोला गांव निवासी दिनेश यादव उर्फ करिया का शव बरामद हुआ है। 35 वर्ष का मृतक बलुआ टोला गांव निवासी काशी यादव का पुत्र था। चर्चा है कि हत्या कर शव को उस स्थल पर फेंक दिया गया है। मृतक आपराधिक प्रवृत्ति का रहा है।

Samastipur News: आंधी में उड़ी चदरा ने बच्ची की ली जान

बीती रात आयी आंधी में दूर से उड़कर आई चदरा ने आंगन में सोई एक बच्ची की जान ले ली। यह घटना समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के महिषि वार्ड 5 महादलित बस्ती में हुई। शुक्रवार देर रात आई आंधी में उड़कर आई चदरा 11 वर्षीय लड़की के गर्दन पर गिर गई, जिससे लड़की की गर्दन आधी कट गयी और मौत हो गई। मृत बच्ची की पहचान महिषी पंचायत के वार्ड पांच निवासी रुपेश राम की पुत्री सुगनी कुमारी के रूप में हुई है। बताया जाता है सुगनी चार बहन और एक भाई है। सभी एक साथ आंगन मे सोए हुए थे। शुक्रवार देर रात भयंकर आंधी उठी। आंधी के दौरान सुगनी के दादा उपेंद्र राम बारी-बारी से चार बच्चे को घर के अंदर ले गए। सुगनी अकेली थी तभी बगल के एक घर से चदरा उड़कर आई और उसकी गर्दन पर लगी। जख्मी अवस्था में ग्रामीण उसे उपचार के लिए सीएचसी ले गए परंतु तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। 

Aurangabad News: ओबरा के सब्जी मंडी में अचानक लगी आग, 20 दुकान जलीं

औरंगाबाद के ओबरा प्रखंड मुख्यालय में शनिवार अहले सुबह अचानक सब्जी मंडी में आग लगने से करीब 20 दुकानें जलकर राख हो गईं। आग लगने के बाद सब्जी मंडी से आग की तेज लपटें उठने लगी। बांस बल्ली से बने सब्जी मार्केट में भयंकर आग देख लोगों ने हल्ला किया तो मौके पर भारी संख्या में लोगों ने पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश की। लेकिन आग की लपट इतनी तेज थी कि लोग आग के नजदीक नहीं पहुंच पा रहे थे। आग बुझाने में असफल होने के बाद लोगों ने ओबरा थाना को इसकी सूचना दी। थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी ने मौके पर पहुंचकर तीन दमकलों की सहायता से 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं इस अगलगी में करीब लाखों रुपए की सब्जी  बर्बाद हो गई। मंडी में बांस के बनी सभी दुकान जलकर राख हो गई हैं।

Araria News: पेड़ गिरने से महिला की मौत

अररिया में तेज आंधी के कारण एक पेड़ गिरने से महिला की मौत हो गई जबकि उनके पति, बेटी सहित तीन घायल हो गए। यह हादसा फारबिसगंज थाना क्षेत्र के मझूआ नहर के पास हुआ। मृतका और घायल मझूआ वार्ड 11 के रहने वाले हैं। पूरा परिवार भागकोहलिया से भोज खाकर घर वापस आ रहा था।

Bhagalpur News: भागलपुर में आधी रात को तेज आंधी संग हुई बारिश

भागलपुर में शुक्रवार की आधी रात तेज आंधी के साथ बारिश हुई। इस दौरान शहर की बिजली काट दी गयी। तेज आंधी और बारिश से मक्के और आम की फसल को नुकसान होने की संभावना जतायी जा रही है।

Saharsa News: मक्के के खेत से युवक का शव बरामद

सहरसा के नवहट्टा के सत्तौर पंचायत के कोयला गांव स्थित मक्के के खेत से एक युवक का शव शुक्रवार की रात में देखा गया। मृतक के शरीर पर जख्म के निशान हैं। हत्या कर शव छुपाने या फिर आपसी रंजिश में हत्या करने की बात को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। कुछ लोगों द्वारा युवक के पड़ोस के नौला पंचायत स्थित रसलपुर गांव के निवासी होने की बात कही जा रही हैं। हालांकि लोगों ने मामले की जानकारी डरहार ओपी पुलिस को दी लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची है।

 

You can share this post!

Comments

Leave Comments